‘सुबह सवेरे’ के अरुण पटेल विचित्र कुमार स्मृति सम्मान से सम्मानित



वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘सुबह सवेरे’ के प्रबंध संपादक अरूण पटेल को शुक्रवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में विचित्र कुमार सिन्हा स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा तथा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदान किया। इस असवर पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज भोपाल की अपनी भोपालियत है। यह आपसी सौहार्द की ऐसी गंगा जमुनी तहजीब है, जिसकी जरूरत सारे देश को है। उन्होंने सभी सम्मानितों को बधाई देते हुए कहा कि मैं अब भोपाल में ही रहूंगा तथा भोपाल के लिए काम करूंगा।
रवींद्र भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्व.विचित्र कुमार स्मृति तथा जनसंपर्क समिति द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। अरूण पटेल को यह सम्मान उनके पत्रकारिता में विशिष्ट योगदान के लिए दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिग्विजय सिंह थे। अध्यक्षता जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने की। अरूण पटेल के अलावा यह सम्मान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोहम्मद जमीर खां, कर्मठ राजनीतिज्ञ कैलाश मिश्रा, साहित्य सेवी ऋषि श्रृंगारी, समाज सेवी संस्था  एसओएस चिड्रन्स विलेज ऑफ इंडिया, प्रेस फोटोग्राफर संजीव गुप्ता को भी प्रदान किया गया। साथ ही विजय गुप्ता स्मृति सम्मान विधिसेवी गीता लूथरा, गंगा प्रसाद श्रीवास्तव स्मृति सम्मान कुशल प्रशासक अजातशत्रु श्रीवास्तव (सेनि आईएएस) को दिया गया। आरंभ में संस्थास के अध्यक्ष साजिद अली एडवोकेट ने संस्था का प्रतिवेदन पढ़ा। कार्यक्रम संचालन कांग्रेस नेता रवि सक्सेना ने तथा आभार प्रदर्शन ललित जैन ने किया।